दुनियाभर में कोरोनावायरस से 1 लाख 39 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 5120 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प शुक्रवार को देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर सकते हैं। अमेरिकी सरकार का कोरोनावायरस के प्रकोप से निपटने में यह महत्वपूर्ण कदम है। आपातकाल लगने के बाद सार्वजनिक और निजी संस्थाएं बंद की जा सकती हैं। देश में कई कार्यक्रम और बड़ी सभाएं अस्थायी रूप से रद्द की जा सकती हैं। वहीं, कोरोनोवायरस का प्रकोप अफ्रीकी महाद्वीप के लगभग 18 देशों में फैल गया है। केन्या, इथियोपिया, सूडान और गिनी में शुक्रवार को पहले मामलों की पुष्टि हुई है।
- यूक्रेन ने विदेशी नागरिकों के लिए अपने बॉर्डर बंद किए। यहां अभी तीन लोगों में संक्रमण का मामला सामने आया है।
- ईरान में शुक्रवार को एक दिन में 85 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक कुल 514 लोग मारे गए हैं।
- स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कोरोनोवायरस के कारण देश में 15 दिनों का आपातकाल घोषित कर दिया है।
- कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की पत्नी सोफी कोरोनावायरस से संक्रमित पाई गई। सोफी के साथ अब जस्टिन भी आईसोलेशन में रहेंगे। वे घर से सरकारी कामकाज संभालेंगे।
- सोफी मंगलवार को ही लंदन से लौटी थीं। इसके बाद से वे बीमार चल रहीं थीं। गुरुवार को उनकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
- न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, दुनियाभर में गुरुवार को संक्रमण का 2513 मामला सामने आया, जबकि 35 लोगों की मौत हुई।
नेपाल ने 14 मार्च से 30 अप्रैल तक माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई के सारे परमिट रद्द किए। 48 दिन दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ाई नहीं की जा सकेगी। नेपाल को हर साल पर्वतारोहण से 4 मिलियन डॉलर (करीब 29.5 करोड़ रुपए) की आमदनी होती है।
एशिया में कोरोनावायरस
भारत में 81 मामले सामने आए
भारत में संक्रमण के अब तक 81 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें भारत के 64, इटली के 16 और कनाडा के 1 नागरिक हैं। इस बीच दिल्ली और हरियाणा में कोरोना को महामारी घोषित कर दिया गया है। दिल्ली में 31 मार्च तक सभी सिनेमा हॉल बंद करने के निर्देश दिए हैं। जिन स्कूल और कॉलेजों में परीक्षाएं नहीं हो रही हैं, वे भी 31 तक बंद रहेंगे। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, अगले आदेश तक दिल्ली में खेल से जुड़े सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। आईपीएल का भी कोई मैच नहीं होगा। साथ ही ऐसे कोई कार्यक्रम नहीं होंगे, जहां सैकड़ों-हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हों। एयर इंडिया ने 30 अप्रैल तक इटली, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, इजराइल, दक्षिण कोरिया और श्रीलंका के लिए उड़ानें रद्द कर दी हैं।